-मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की घोषणा, दो नई सड़कों का नींव पत्थर भी रखा
-
-
संवाद न्यूज एजेंसी
सुनाम। प्रजामंडल लहर के शहीद भगत सिंह ढढोगल की 87वीं बरसी के मौके पर गांव ढढोगल में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद को श्रद्धांजलि देने के बाद इलाके की दो नई सड़कों का नींव पत्थर रखा। इनका नाम शहीद के नाम पर रखने का एलान किया। दोनों सड़कों पर 17.21 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीएम मान ने कहा कि पंजाब में 19 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा जिनका रखरखाव भी बनाने वाली कंपनी अगले पांच साल के लिए करेगी।
उन्होंने कहा कि खेतों में नहरी पानी की पहुंच 63 फीसदी कर दी गई है जो पहले 21 फीसदी थी। सीएम मान ने विरोधी दलों के नेताओं का नाम लिए बगैर निशाना साधते हुए कहा कि नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। बड़े से बड़े तस्कर को भी जेल में वही खाना मिलेगा जो आम कैदी को मिलता है। पंजाब के लोग नाभा जेल में इसका प्रत्यक्ष प्रमाण देख सकते हैं। रंगले पंजाब के रंग फीके करने वालों पर सरकार तरस नहीं करेगी।
श्री गुरु तेग बहादुर का बलिदान राष्ट्रीय स्तर मनाने की अपील, 55 करोड़ का बजट मंजूर
सीएम मान ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां बलिदान दिवस मनाने के लिए 55 करोड़ का बजट मंजूर कर दिया गया है। गुरु साहिब के चरण स्पर्श गांवों व कस्बों की पहचान कर ली गई है। करीब 140 जगहें ऐसी हैं और इन स्थानों पर धार्मिक आयोजन होंगे। इन जगहों की सर्वांगीण विकास कराया जाएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान दिवस राष्ट्रीय स्तर मनाया जाए। हिंद की चादर गुरु तेग बहादुर ने पूरी कौम के लिए बलिदान दिया था। पंजाब सरकार की ओर से श्रीनगर से लेकर दिल्ली के चांदनी चौक तक समारोह करवाए जाएंगे।
गुरु नानक के फलसफे को अपनाएं
पंजाब तो शहादतों से भरा पड़ा है। शहीद भगत सिंह को आजादी के बाद के हालात की चिंता थी। पहले अंग्रेजों को भगाने के लिए शहादतें दीं अब अंग्रेजों के पास जाने के लिए लाखों खर्च रहे हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से गुरु नानक के फलसफे को अपनाने की अपील की जिसमें गुरु नानक ने पानी, हवा और धरती को बचाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने फिर दोहराया कि पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के हित में ही उनका हरा पेन चलेगा। शहीदों की मशाल जलाकर रखना अपनी विरासत को बचाना है। भारत विभाजन की कीमत पंजाब ने सबसे ज्यादा चुकाई और इसमें करीब दस लाख लोगों का बलिदान हुआ था। इस मौके पर विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा, जसवीर सिंह जस्सी सेखों, दलबीर सिंह ढिल्लों आदि उपस्थित रहे।