पराली जलाने के आरोप में किसान पर जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
मुल्लापुर दाखा (लुधियाना)। पंजाब सरकार की हिदायतों के तहत खेतीबाड़ी विभाग की तरफ से किसानों को पराली न जलाने संबंधी जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को खेतीबाड़ी अफसर ब्लाक सुधार की तरफ से हरमिंदर सिंह छीना की टीम ने पराली जलाने के आरोप में सुधार ब्लाक के गांव अब्बूवाल के किसान जसपाल सिंह पर जुर्माना किया।
गांव अब्बूवाल के किसान जसपाल सिंह के पास करीब पौने नौ एकड़ जमीन है। जसपाल ने अपने खेतों में खड़ी पराली को आग लगा दी थी। खेतीबाड़ी विभाग को पता लगा तो मौके पर पहुंच कर किसान को पराली जलाने के आरोप में नोटिस देकर 15 हजार रुपये जुर्माना किया। उन्होंने बताया कि खेतीबाड़ी विभाग की तरफ से किसानों को एक हजार रुपये सब्सिडी और गेहूं का बीज भी दिया जा रहा है और बीज के लिए अप्लाई करने की अंतिम तारीख 25 अक्तूबर है। इसके बाद 29 अक्तूबर को किसानों को बीज लेने के लिए परमिट दिए जाएंगे। परमिट लेकर किसान बीज प्राप्त कर सकते है।