14,628 लाख से 286 लघु उद्योग होंगे स्थापित : पन्नू
बोले- 3785 नौजवानों को मिला रोजगार
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब।
जिले में इस साल 286 छोटे उद्योग रजिस्टर्ड हुए हैं। इनमें 14,628 लाख रुपये की पूंजी निवेश की गई है। उद्योगों के स्थापित होने से 3785 लोगों को रोजगार हासिल हुआ है। जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर हरजिंदर सिंह पन्नू ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से औद्योगिक विकास के लिए नई औद्योगिक नीति-2017 लागू की गई है। इससे जहां जिले में नए उद्योग स्थापित होंगे, वहीं पुराने उद्योगों को और भी ज्यादा लाभ मिलेंगे। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बेरोजगारों को बड़े स्तर पर लाभ होगा।
पन्नू ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार योजना के अधीन जिला उद्योग केंद्र, पंजाब खादी बोर्ड और खादी कमीशन की ओर से 18 साल से अधिक उम्र के जरूरतमंद बेरोजगारों को उद्योग लगाने के लिए 25 लाख कर्ज और सर्विस या मुरम्मत इकाई लगाने के लिए 10 लाख रुपये कर्ज मुहैया करवाया जाता है। चालू वित्तीय साल के दौरान जिले में 188 प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। उनको स्थापित करने के लिए बेरोजगारों को 15 करोड़ रुपये के कर्ज मुहैया करवाए जाएंगे। इन पर 3 करोड़ 72 लाख रुपये की सब्सिडी भी मुहैया करवाई जाएगी।