20 लाख मीट्रिक टन धान आने की उम्मीद
खरीद 95 फीसदी, लिफ्टिंग 98 फीसदी और अदायगी 97 फीसदी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। जिले में धान की 95 फीसदी खरीद, 98 फीसदी लिफ्टिंग और किसानों को 97 फीसदी अदायगी की जा चुकी है। किसानों को 8 नवंबर तक 1751.77 करोड़ रुपये की अदायगी आनलाइन की गई है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार अग्रवाल दी।
डीसी ने आंकड़े जारी करते हुए कहा लुधियाना में खरीद, लिफ्टिंग तऔर अदायगी प्रक्रिया बड़े अच्छे तरीके से चल रही है। इस बार जिला लुधियाना की मंडियों में कुल 20 लाख मीट्रिक टन धान आने की उम्मीद है। पिछले साल 18.46 लाख मीट्रिक टन खरीद दर्ज की गई थी। किसानों को 48 घंटे के अंदर अंदर अदायगी की जा रही है। अब तक सभी जिले के किसानों को कुल 1751.77 करोड़ रुपए की अदायगी आनलाइन विधि के जरिए की जा चुकी है, जोकि कुल खरीेदे धान की 97 फीसदी अदायगी बनती है।
जिले की विभिन्न मंडियों में 8 नवंबर तक पहुंचे 1165601 मीट्रिक टन धान में पनग्रेन ने 461860 मीट्रिक टन, मार्कफैड ने 211700 मीट्रिक टन, पनसप ने 221266 मीट्रिक टन, वेयरहाउस ने 101963 मीट्रिक टन, पंजाब एग्रो ने 107900 मीट्रिक टन, एफसीआई ने 660 मीट्रिक टन तथा निजी आढ़तियों ने 1686 मीट्रिक टन धान की खरीद की है, जोकि कुल खरीद 1107065 मीट्रिक टन बनती है। उन्होंने बताया कि खरीद फसल की लिफ्टिंग में भी दिनो दिन तेजी आ रही है। जिले की मंडियों में अब तक 932547 मीट्रिक टन की लिफ्टिंग हो चुकी है।