अकाली वर्करों ने एनएच पर लगाया जाम
अधिकारियों से समय आने पर निपटने की दी चेतावनी
जाम के कारण वाहन चालकों को हुई परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
अकाली दल के वर्करों पर मामले दर्ज करने तथा कैप्टन सरकार की धक्केशाही के विरोध में अकाली दल के वर्करों ने भवानीगढ़ में बस स्टैंड के समीप नेशनल हाईवे-7 पर जाम लगाया और कैप्टन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके अलावा हलका दिड़बा और लहरागागा में भी अकाली वर्करों ने धरने लगाकर रोष जताया।
धरने का नेतृत्व करते पूर्व विधायक प्रकाश चंद गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर अकाली वर्करों के साथ धक्केशाही की जा रही है। सरकार की कठपुतली बने अधिकारियों से समय आने पर निपटा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार के पिट्ठू बनकर काम कर रहे हैं और सरकार के इशारों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को तंग परेशान करने का साथ-साथ उन पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और वक्त आने पर इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के आते ही अराजकता वाला माहौल है। सत्ता के नशे में चूर कांग्रेसी वर्कर सरकारी विभागों का कांग्रेसीकरण करके प्रशासन को अपने तरीके से चलाना चाहते हैं। यहां तक की पुलिस प्रशासन भी इनकी कठपुतली बनकर तमाशा देख रहा है। सुबह करीब ग्यारहबजे से शुरू हुआ धरना खबर लिखे जाने तक जारी था।
इस मौके पर अकाली नेता गुरविंद सग्गू, गुरप्रीत लारा, राजिंदरसिंह, भाजपा नेता राजिंदर, पुरूषोत्तम कांसल, बब्बी वडैच, जगदीश बलियाल, भगवंत सिंह सहित बड़ी तादात में अकाली वर्कर मौजूद थे।
जाम के कारण राहगीर हुए परेशान
भवानीगढ़ में संगरूर-पटियाला हाईवे पर अकाली दल के कार्यकर्ताओं द्वारा जाम लगाने के कारण राहगीरों खासकर बड़े वाहन चालकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पटियाला-संगरूर मुख्य मार्ग होने के कारण यह सड़क काफी व्यस्त रहती है। ऐसे में कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों द्वारा जाम लगाने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। शुक्रवार को भी ऐसा ही हुआ। सड़क पर जाम लगे रहने के कारण वाहन चालकों को अन्य रास्तों से होकर गुजरना पड़ा जिससे न केवल उन्हें लंबे चक्कर काटने पड़े, बल्कि उन्हें अपनी मंजिल पर पहुंचने में भी देरी का सामना करना पड़ा।
फोटो:08एसजीआरपी01 संगरूर के भवानीगढ़ में नेश्नल हाईवे पर जामलगाए बैठे अकाली दल के वर्कर।