संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। जगरांव शहर में एक दंपती पर दुकान बेचने के नाम पर 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। खरीदार को पता चला कि जिस दुकान का सौदा किया गया था, वह पहले से ही बैंक के पास गिरवी थी। पुलिस ने शिकायत के बाद दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान नंदिता गोयल और सुमित गोयल निवासी छत्ती गली, जगरांव के रूप में हुई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। अगवाड़ पोना निवासी मोहम्मद खुर्शीद अंसारी ने एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता को शिकायत दी थी। अंसारी ने 18 जून 2025 को दंपती से 59.50 लाख रुपये में दुकान का सौदा तय किया था। सौदे के समय उन्होंने बयाने के तौर पर 12 लाख रुपये दिए थे। रजिस्ट्री के लिए 18 मई 2026 की तारीख तय की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने दुकान पर चल रहे बैंक लोन की जानकारी नहीं दी थी।
करीब तीन महीने बाद आरोपियों ने आर्थिक जरूरत बताकर अंसारी से 5 लाख रुपये और लिए, जिससे कुल रकम 17 लाख रुपये हो गई। रजिस्ट्री की तारीख पर आरोपी नहीं पहुंचे, तब खरीदार को दुकान के बैंक के पास गिरवी होने का पता चला। अंसारी ने रकम वापसी या रजिस्ट्री की मांग की, लेकिन उसे कथित तौर पर धमकियां मिलीं। खुर्शीद अंसारी की शिकायत पर एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने जांच डीएसपी क्राइम को सौंपी। जांच पूरी होने के बाद थाना सिटी जगरांव में दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।