गन्ने की अदायगी के लिए धरने पर डटे रहे किसान
दूसरे दिन भी धरना जारी, मुख्य मार्ग पर दिनभर यातायात प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। धूरी शुगर मिल की ओर से किसानों की करोड़ों रुपये की बकाया अदायगी न किए जाने के रोषस्वरूप विभिन्न संगठनों की ओर से संगरूर-लुधियाना मुख्य मार्ग पर स्थित बबनपुर नहर पुलिस पर अनिश्चिकाल धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरनाकारियों ने दिन भर मुख्य मार्ग को जाम किए रखा और राहगीरों को अन्य रास्तों से होकर जाना पड़ा।
संघर्ष कमेटी के नेता डा. अनवर भसौड़, मेजर सिंह पुन्नावाल, नरंजन सिंह दोहलां, जरनैल सिंह जहांगीर ने कहा कि किसान अपने गन्ने की फसल की बिजाई से लेकर बेचने तक का सारा खर्च ब्याज पर पैसे लेकर करते हैं। किसानों को अपनी ही बेची गन्ने की फसल की अदायगी गन्ना मिल की ओर से नहीं की जा रही। ऐसे में सरकार भी इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है जिससे किसानों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की अदायगी न हुई तो वह आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम धूरी सतवंत सिंह, डीएसपी आकाशदीप सिंह औलख और गन्ना मिल के डीजीएम अरुण कुमार शर्मा ने धरनाकारियों को भरोसा देने की कोशिश की लेकिन धरनाकारी नहीं माने और अपनी जिद पर अड़े रहे। इससे पुलिस और प्रशासन किसानों के संघर्ष के आगे बेबस नजर आए। मौके पर आप के जिलाध्यक्ष राजवंत सिंह घुल्ली, पंजाब एकता पार्टी के नेता जंगपाल सिंह धलेर, गुरी मान धूरी, जगसीर सिंह बबनपुर, जगतार सिंह बाजवाभी मौजूद थे।
---------------
फोटो:20एसजीआरपी02:धरने को संबोधित करते हुए नेता।