कपड़े के शोरूम में लगी आग, लाखों का नुकसान
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने तीन घंटे बाद आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फील्डगंज में शनिवार-रविवार की रात करीब ढाई बजे एक कपड़े के शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने के बाद शोरूम मालिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जिसके बाद चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
शोरूम के मालिक सोहन लाल ने बताया कि फील्डगंज में उनका कपड़े का शोरूम है। रोजाना की तरह शनिवार की रात को भी वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए। रात दो से ढाई बजे के बीच शोरूम में अचानक आग लग गई। जब आस-पास के लोगों को आग का पता चला तो उन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी सोहन लाल को दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। सोहन लाल के मुताबिक आग लगने से शोरूम में पड़ा लाखों रुपये का माल जल कर राख हो गया।