घर के बाहर प्लास्टर कर रहे राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत
पास से गुजर रही हाइटेंशन वायर ने लिया चपेट में
परिजनों के बयान लिखाए जाने के बाद ही कार्रवाई करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। राहोंरोड की मॉडल कालोनी में नए बनाए जा रहे घर के बाहर रविवार को प्लास्टर करते समय राजमिस्त्री को घर के पास से गुजर रही हाइटेंशन वायर से जोरदार बिजली का झटका लगा। जिस कारण वह नीचे गिर पड़ा और दूसरी बिजली की तारों पर लटक गया। काफी समय तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। राजमिस्त्री के गिरने से इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने के कुछ समय बाद थाना मेहरबान की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर बिजली विभाग को फोन किया। इलाके की लाइट बंद करवाकर पुलिस ने शव को नीचे उतारा। जांच के बाद थाना मेहरबान की पुलिस ने इंद्रा कॉलोनी निवासी जतदिंर सिंह (55) का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों का बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार राहोंरोड की मॉडल कॉलोनी में अशोक कुमार का नया घर बन रहा है। काफी समय से वहां मिस्त्री लगे हुए थे। घर में प्लास्टर करने का काम बाकी था। बाहर लक्कड़ के पैड लगाकर मजदूरों ने रविवार को घर के बाहर से प्लास्टर का काम शुरू करना था। जैसे ही राजमिस्त्री जतिंदर सिंह प्लास्टर करने के लिए पैड पर खड़ा हुआ तो ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन वायर से उसे बिजली का जोरदार झटका लगा। बिजली का झटका लगने से वह काफी चिल्लाया और नीचे गिर पड़ा। नीचे भी वह बिजली की तारों पर ही अटक गया और वहीं पर लटका रहा। जतिंदर के चिल्लाने की आवाज सुन कर वहां काम कर रहे अन्य मजदूर काम छोड़ कर नीचे आ गए। वहीं आस-पास के लोग भी इकट्ठा होने लगे। मगर किसी ने भी उसे बचाने की जहमत नहीं दिखाई। वहीं किसी ने भी बिजली विभाग को फोन कर इलाके की बिजली बंद कराने की कोशिश नहीं की। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचने के बाद बिजली बंद कराई और शव को नीचे उतारा। जांच अधिकारी एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि अभी तक जतिंदर के परिजनों ने बयान दर्ज नहीं कराए है। उनके बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
--विकास मल्होत्रा, 16 दिसंबर