आईएनटी-इएक्सटी एक्सपो में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन
लुधियाना। लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलपीजेए) की ओर से शुक्रवार को पीएयू में आईएनटी-इएक्सटी एक्सपो में 4 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी 26 नवंबर तक चलेगी। शहर के प्रकाशनों के 18 फोटो जर्नलिस्ट की ओर से 36 फोटो फ्रेम इस प्रदर्शनी में लगाए गए हैं। जो फोटो जर्नलिस्ट के फोटोग्राफी कौशल के माध्यम से शहर के लोगों की मनोदशा, प्रकृति और जीवन शैली की विविधता दिखाने और परिभाषित करने का काम कर रहे हैं।
लुधियाना के मेयर बलकार सिंह संधू, एमपी रवनीत सिंह बिट्टू सहित शहर के उद्योगपतियों और डॉक्टरों ने पहले दिन प्रदर्शित चित्रों को देखा। सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने फोटो जर्नलिस्ट के काम की सराहना की और कहा एक तस्वीर पूरे पृष्ठ के लेखन की अभिव्यक्ति को प्रतिबिंबित करती है। जो भी होता है, फोटो जर्नलिस्ट द्वारा ली गई तस्वीरों में लोगों को देखने को मिलता है। फोटो जर्नलिस्ट कभी भी रुकते नहीं हैं और सभी परिस्थितियों में काम करते हैं। फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने मेहमानों का स्वागत किया और कहा इस साल पंजाबी भवन और पीसीटीई में दो सफल प्रदर्शनियों के आयोजन के बाद, आईएनटी-एक्सटी एक्सपो में फोटो प्रदर्शनी आयोजित करके हमें गर्व महसूस हो रहा है।