अकाली प्रत्याशी के अपहरण का आरोप
कहा, कांग्रेस विधायक और थानेदार के इशारे पर अगवा किया गया
प्रत्याशी गुरदीप सिंह ने अकाली नेता डिंपी ढिल्लों संग की प्रेस कांफ्रेेंस
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। गिद्दड़बाहा से अकाली नेता डिंपी ढिल्लो ने कांग्रेस वर्कर गुरसेवक पर मुक्तसर से पार्टी के जिला परिषद के प्रत्याशी गुरदीप सिंह को अगवा करने का आरोप लगाया है। अपहरणकर्ता की चलती गाड़ी के छलांग लगाकर अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर भागे अकाली उम्मीदवार गुरदीप सिंह और डिंपी ढिल्लो का आरोप है कि इस घटना को गिद्दड़बाहा से कांग्रेस विधायक राजा वडिंग और थाना कोटभाई प्रभारी दलजीत सिंह के इशारे पर अंजाम दिया गया है। अकाली नेता ने विधायक और थाना प्रभारी व कांग्रेसी वर्कर गुरसेवक सिंह पर अकाली उमीदवार को अगवा करने के आरोप में केेस दर्ज करने की मांग की है।
अकाली नेता डिंपी ढिल्लों के साथ यहां प्रेस वार्ता करने पहुंचे श्री मुक्तसर साहिब जिला परिषद के उमीदवार गुरदीप सिंह विक्की ने आरोप लगाया कि गत रात्रि वह अपने घर पर था। कांग्रेसी वर्कर गुरसेवक सिंह अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसके घर आया और उसे अपनी बोलैरो गाड़ी में अगवा कर विधायक राजा वडिंग के मुक्तसर स्थित घर में ले जाने लगा। गाड़ी में गुरसेवक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगाकर थाना कोटभाई प्रभारी दलजीत सिंह से बात करवाना शुरू कर दिया। जैसे ही गाड़ी धीमी हुई तो वह खिड़की खोलने के बाद छलांग लगाकर फरार हो गया और पास के खेतों मेें लगी फसल में छिपकर उसने तीन घंटे गुजारे। इसके बाद अपने साथियों को अपहरणकर्ता के फोन से ही सूचना दी। अकाली उमीदवार विक्की ने आरोप लगाया कि उसे कांग्रेसी विधायक राजा वडिंग और थाना कोटभाई प्रभारी दलजीत सिंह के इशारे पर अगवा किया गया था। अकाली नेता ढिल्लों ने बताया उन्होंने इस बाबत डीएसपी मुक्तसर को शिकायत दी है। अकाली नेता ने मांग की कि कांग्रेस विधायक और थाना प्रभारी पर अगवा करने का केस दर्ज किया जाए ।
अकाली अपना राज भूल गए: थाना प्रभारी
इन आरोपों संबंधी थाना कोटभाई प्रभारी दलजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि गुरसेवक सिंह के साथ उनकी पिछले काफी लंबे समय से बात होती थी और उक्त आरोप बिल्कुल झूठे हैं। इस के अलावा उन्होंने कहा कि अकाली अपना राज भूल गए है। इस संबंधी डीएसपी गुरतेज सिंह का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। कांग्रेसी विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग से संपर्क कर उनका पक्ष जानना चाहा तो उनसे बात नहीं हो सकी।