दिल्ली रोड कंगनवाल के पास स्थित एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में कार ट्रक से टकरा गई। कार पलटी खाते हुए दूसरी तरफ पहुंच गई। सड़क के दूसरी तरफ भी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। छोटा भाई बड़े भाई की अस्पताल से छुट्टी करवाकर घर लेकर जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल और चौकी कंगनवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद साहनेवाल डेहलों रोड पर रहने वाले जिम्मीदार दर्शन सिंह (68) और निर्मल सिंह (73) के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
निर्मल सिंह कुछ दिन पहले घर में गिरकर घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें डीएमसी में दाखिल करवाया था। मंगलवार को अस्पताल से निर्मल सिंह को छुट्टी मिली थी। दर्शन सिंह अपने बड़े भाई को कार से घर लेकर जा रहा था। वह कार खुद चला रहे थे। घर में काम करने वाला युवक पीछे बैठा हुआ था।
कंगनवाल के पास पहुंचने पर दर्शन सिंह अपनी डस्टर कार से ट्रक को ओवरटेक करने लगे तो ट्रक का पिछला हिस्सा गाड़ी से टकरा गया। गाड़ी से टकराने के तुरंत बाद ही गाड़ी पलटी खाते हुए सड़क के दूसरी तरफ जा पहुंची। उधर से भी ट्रक आ रहा था जो गाड़ी से टकरा गया। दोनों तरफ के वाहन वहां रुक गए। गाड़ी के पीछे बैठा युवक बाहर निकला और लोग आगे गए।
बुरी तरह से घायल बुजुर्गों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बावजूद लोग दर्शन सिंह को पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर इकबाल सिंह ने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब जांच यह की जा रही है कि गलती किसकी थी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं।