यूथ फेस्टिवल के विजेताओं को मिलेगी स्कालरशिप
एससीडी कॉलेज में यूथ फेस्टिवल का आयोजन दो से पांच अक्तूबर तक
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। सतीश चंद्र धवन राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. धर्म सिंह संधू, पंजाब विश्वविद्यालय के डायरेक्टर यूथ वेलफेयर डॉ. निर्मल जोड़ा और डॉ. कमल किशोर (कार्यक्रम सचिव) ने यूथ फेस्टिवल की जानकारी दी। एससीडी कॉलेज में यूथ फेस्टिवल का आयोजन दो से पांच अक्तूबर तक किया जाएगा।
पंजाब विश्वविद्यालय के डायरेक्टर यूथ वेलफेयर डॉ. निर्मल जोड़ा ने बताया कि शनिवार रात को ही यूनिवर्सिटी की ओर से पत्र जारी किया गया है कि यूथ फेस्टिवल में विजेता विद्यार्थियों को कैश प्राइज के साथ-साथ स्कालरशिप दी जाएगी। निर्मल जोड़ा ने बताया कि जोनल के बाद इंटरजोनल मुकाबले होंगे। इस दौरान एक स्क्रूटनी बनाई जाएगी जो विजेता विद्यार्थियों की पार्टिसिपेशन और अचीवमेंट के आधार पर उसे कैश प्राइज देगी। स्कालरशिप की व्यवस्था यूनिवर्सिटी की ओर से हर कालेज में की जाएगी। इसमें इस बात को भी ध्यान में रखा गया है कि जो विद्यार्थी आर्थिक तौर पर कमजोर है, उसे भी स्कालरशिप का लाभ दिया जाए। इस बार युवक मेले का आयोजन दो अक्तूबर से तो किया ही जा रहा है, इसके साथ-साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी दिन किया जा रहा है। कार्यक्रम सचिव डॉ. कमल किशोर ने बताया कि दो से पांच अक्तूबर तक चलने वाले इस यूथ फेस्टिवल लुधियाना जोन-ए में कुल 14 कॉलेजों की टीम हिस्सा ले रही है और इसके लिए महाविद्यालय में चार वेन्यू निर्धारित किए गए हैं।