महिला संगीत समारोह में फायरिंग, एक घायल
घायल के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले के गांव गुमटी कलां में रविवार को एक घर में महिला संगीत के समागम दौरान एक व्यक्ति ने शराब के नशे में हवाई फायर कर दिया। पीठ पर गोली लगने से समागम में ही मौजूद प्रीत सिंह घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया । थाना दयालपुरा पुलिस ने घायल प्रीत सिंह के बयानों पर फायर करने के आरोपी केवल सिंह के खिलाफ कई धाराओं के केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के मुताबिक गांव गुमटी कलां के एक घर में रविवार को महिला संगीत समारोह चल रहा था। समागम में मौजूद केवल सिंह ने शराब के नशे चूर होकर अपने असलहे से हवाई फायर करने शुरू कर दि । समागम में मौजूद लोगों ने उसे फायर करने से रोका। इसके बाद भी वह फायर करता रहा । इसी दौरान एक फायर समागम में ही मौजूद गांव बालियांवाली के प्रीत सिंह की पीठ पर जा लगा, जिस से वह घायल होकर नीचे गिर गया। इससे समारोह में भगदड़ मच गई। आरोपी इसका फायदा उठाकर फरार हो गया । घायल को उसके साथियों ने नजदीकी के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची थाना दयालपुरा पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया घायल प्रीत सिंह के बयान दर्ज कर फायर करने वाले आरोपी केवल सिंह के खिलाफ कई के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है।