सरहिंद चो बनेगी सैरगाह: सिंचाई मंत्री
फतेहगढ़ साहिब।
सूबे के सिंचाई मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने बुधवार को कहा कि फतेहगढ़ साहिब से गुजरते सरहिंद चो को पक्का कर सैरगाह के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस पर ड्रेन विभाग की ओर से 5 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिंचाई मंत्री ने कहा विधायक कुलजीत सिंह नागरा के इस प्रस्ताव को सरकार से पास कराकर जल्द काम शुरू कराया जाएगा। वह गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होने आए थे।
हलका विधायक कुलजीत सिंह नागरा के साथ पत्रकारों से बातचीत में सिंचाई मंत्री ने कहा कि पिछली अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रमुख ड्रेनों से बूटी की सफाई नहीं कराई। मौजूदा कांग्रेस सरकार ने पंजाब से गुजरती सभी ड्रेनों से जंगली बूटी की सफाई करने की ठानी है ताकि ें बरसात का पानी किसानों की फसलों और जान माल का नुकसान न कर सके। सिंचाई मंत्री राणा ने जिले के गांव महादियां से गुजरते ड्रेन में जेसीबी पर लगाए गए नई तकनीक के मेकेनिकल सिस्टम के साथ चौड़े पत्तों वाली बूटी (वाटर विड) को बाहर निकालने के काम का निरीक्षण भी किया। राणा ने बताया ड्रेनों के गंदे पानी में यह बूटी बहुत तेजी के साथ बढ़ती है और बरसाती दिनों में पानी के बहाव में रुकावट का कारण बनती है।
इस बूटी की गंभीर समस्या के हल के लिए सरकार प्रयत्नशील है और अमरगढ़ के दशमेश मेकेनिकल वर्क्स के इंजीनियर स्वर्ण सिंह की ओर से बूटी को बाहर निकालने के तैयार की गई तकनीकी व्यवस्था का विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे कम कीमत के साथ थोड़े समय में और ज्यादा सामर्थ के साथ काम करने वाला मेकेनिकल सिस्टम तैयार किया जा सके।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़, पंजाब कांग्रेस किसान विंग उपाध्यक्ष सुखराज सिंह राजा, एसडीएम अमरिंदर सिंह टिवाना, ड्रेनज विभाग के चीफ मुख्य इंजीनियर आदर्श बांसल, निगरान इंजीनियर बीपी एस बराड़, कार्यकारी इंजीनियर दविंदर सिंह, कार्यकारी इंजीनियर सुखविंदर सिंह कलसी, कार्यकारी इंजीनियर फिरोजपुर समशेर सिंह, सहायक इंजीनियर कुलवंत राय, जेई कुनाल शर्मा, कांग्रेस जिला महासचिव पंडित कमलेश मौजूद थे।