पंजाब को सेहतमंद सूबा बनाएंगे: मोहिंदरा
सेहत तथा परिवार भलाई मंत्री मिशन तंदरुस्त पंजाब लोगों को किया समर्पित
लोगो को शुद्ध पानी, हवा और साफ भोजन मुहैया कराने की वचनबद्धता दोहराई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पंजाब सरकार के सेहत तथा परिवार भलाई मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने मंगलवाल को विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्य के सभी नागरिकों को शुद्ध हवा, शुद्ध पानी तथा मिलावट रहित भोजन मुहैया कराने का दावा किया। उन्होंने सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए मिशन तंदरुस्त पंजाब को लोगों के लिए समर्पित किया। यह मिशन पंजाब सरकार की ओर से शुरु किया गया है।
गुरु नानक देव भवन में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में मुख्य मेहमान मोहिंदरा ने कहा कि इस मिशन को शुरु करने के पीछे सोच है कि पंजाब की हवा, पानी तथा भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाकर सूबे के लोगों को तंदरुस्त व सेहतमंद जीवन मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत पंजाब सरकार के 12 विभागों के सांझे प्रयासों से सूबे को तंदरुस्त सूबे के तौर पर विकसित किया जाना है।
उन्होंने आम लोगों ,े सेहत प्रति जागरूक करने व सरकारी संस्थान को मिलावटखोरो व प्रदूषण फैलाने वालो के विरुद्ध मुहिम चलाने के लिए भी कहा। महिंदरा ने कहा कि सूबे में जल्द ही 306 डाक्टर सेहत विभाग को अपनी सेवाएं देनी शुरू कर देंगे। पिछली सरकार की ओर से सेहत क्षेत्र में कोई भी काम नहीं किया गया। अब तेजी से हालात सुधर रहे है।
उन्होंने कहा कि सूबे में मीजल रुबेला टीका 48.55 लाख बच्चों को लगाया जा चुका है। कुल 73 लाख में से बाकी रहते बच्चों का टीकाकरण तय समय पर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियां तथा उद्योग के गंदे पानी को संशोधित करने के लिए लुधियाना में तीन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। पराली जलाने के रुझान पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने तीन कंपनियों से संपर्क कायम किया है, जोकि किसानों से पराली खरीद कर इससे बिजली पैदा करेंगी। उन्होंने पराली न जलाने वाले जिला लुधियाना के 110 किसानों का सम्मान भी किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी भी लगाई। सेहत विभाग ने रक्तदान और सेहत जांच कैंप लगाया।