ग्रेवाल क्लब किला रायपुर ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
यंग स्पोर्ट्स क्लब समराला को 5-3 से दी मात
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 8वें पृथिपाल सिंह हॉकी फेस्टिवल के छठे दिन ग्रेवाल क्लब किला रायपुर ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं जगरांव टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। इस दिन हुए मुकाबलों में ग्रेवाल क्लब किला रायपुर ने यंग स्पोर्ट्स क्लब समराला को 5-3 से हराया। इसमें किला रायपुर के नवजोत सिंह और कुलदीप सिंह ने 2-2 गोल, कप्तान सरबजोत सिंह ज्योति ने 1 गोल किया।
समराला के बरिंदर सिंह, जगतार सिंह, नवप्रीत सिंह ने 1-1 गोल किया। वहीं दूसरे मुकाबले में ताज रिजोर्ट्स क्लब जरखड़ ने मास्टर राम सिंह क्लब चचराड़ी जगरांव को 9-4 से मात दी। हालांकि जीत के बावजूद जरखड़ टीम खिताबी दौड़ से बाहर हो गई। हारने के बाद भी जगरांव टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में जरखड़ के कप्तान गुरसतिंदर सिंह प्रगट ने 5 गोल, मंदीप सिंह 2, अजयपाल सिंह और जोगिंदर सिंह ने 1-1 गोल किया।
वहीं जगवांर के परमिंदर सिंह ने 2, कुलविंदर सिंह और अमनदीप सिंह 1-1 गोल किया। फेस्टिवल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले 30 मई को गुरु गोबिंद सिंह मोगा और अकालगढ़, दूसरा मैच गिल क्लब पटियाला और जगरांव के बीच होगा। इस दौरान इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह कंग, हरिंदर सिंह मुख्यातिथि रहे। इस मौके पर खेल प्रमोटर जगरूप सिंह जरखड़, परमजीत सिंह नीटू, नारायण सिंह ग्रेवाल, अजीत सिंह, रूपिंदर सिंह, तेजिंदर सिंह, संदीप सिंह, रविंदर सिंह और गुरदीप सिंह भी मौजूद थे।