कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या
बेटे ने लगाई कर्ज माफ करने की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। पंजाब सरकार द्वारा चुनावों में किए कर्ज माफी के वादे को पूरा न किए जाने के चलते आए दिन किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। इसी के चलते वीरवार रात गांव बहाववाला के एक किसान ने कर्ज से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुखविंद्र कौर के बयान पर धारा 174 की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव बहाववाला निवासी मृतक लाभ सिंह पुत्र मेहर के बेटे हरजीत सिंह ने बताया कि उसके पिता व चाचा अमृतपाल सिंह द्वारा उसकी बहन के विवाह के समय जमीन को गिरवी रखकर बैंक व सोसाइटी से लोन लिया था। जो अब ब्याज सहित लाखों रुपये हो गए। तीन वर्ष पूर्व चाचा अमृतपाल की मौत हो गई और खेतीबाड़ी व घर परिवार का खर्च ज्यादा होने के कारण पिता लोन की किश्तें अदा नहीं कर पाए। हरजीत ने बताया कि सोसाइटी व बैंक द्वारा आए दिन लोन अदा करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। इसी के चलते पिता पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थे। गत रात्रि लाभ सिंह ने घर के पीछे एक पेड़ पर फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। रात करीब 2 बजे हरजीत सिंह की आंख खुली तो उन्होंने लाभ सिंह को फंदे पर लटका पाया। मामले की सूचना गांव के सरपंच राज सिंह तथा पुलिस को दी। थाना बहाववाला के एएसआई त्रिलोक सिंह मौके पर पहुंच कर शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। मृतक के बेटे ने पंजाब सरकार से मांग की है कि पिता की मौत के बाद वह बैंक का कर्जा नहीं उतार सकता इस लिए बैंक तथा सोसाइटी का लोन माफ कर उसे राहत दी जाए।
इस समाचार की फोटो एबीआर 2 भेजी जा रही है।