3 राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर गुरदीप वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
तुर्कमेनिस्तान में 1 से 10 नवंबर तक आयोजन, पहली बार लेंगे 109 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। वेटलिफ्टिंग मुकाबले में 3 राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर गुरदीप सिंह अब आगामी प्रतियोगिता के लिए तैयारी में जुटे हैं, जिनका चयन तुर्कमेनिस्तान में 1 से 10 नवंबर तक होने वाली वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। खास बात है कि वह अब तक 105 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में हिस्सा लेते रहे हैं, जबकि पहली बार 109 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में अपनी काबलियत दिखाएंगे। सेंटर रेलवे मुंबई में कार्यरत गुरदीप ने इस सिलेक्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह उक्त मुकाबले के लिए तैयारी में जुटे हैं। खनक्ना के गांव माजरी से संबंधित वेटलिफ्टर गुरदीप बताते हैं कि वह इस वक्त एनआईएस पटियाला में ट्रेनिंग ले रहे हैं।
एक साथ बनाए 3 रिकॉर्ड
गुरदीप बताते हैं कि उन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में 105 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं यूएसए में आयोजित वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2017 में भी हिस्सा ले चुके हैं। जबकि उन्होंने मैंगलौर में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में एक साथ 3 रिकॉर्ड बनाकर पंजाब का नाम चमकाया। जो आज भी उन्हीं के नाम है। उन्होंने स्नैच में 173 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क में 217 किलोग्राम और टोटल में 390 किलोग्राम का रिकॉर्ड दर्ज किया। वहीं तामिलनाडू में आयोजित 69वीं मैन सीनियर वेटलिफ्टर चैंपियनशिप में 105 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में 161 किलोग्राम स्नैच में सोने का पदक, 200 किलोग्राम में रजत पदक, क्लीन व जर्क मुकाबले में 148 किलोग्राम में रजत पदक हासिल किया। वहीं 2015, फरवरी में एसएएफ गेम्स, उज्बेकिस्तान में एशियन चैंपियनशिप, सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में सोने का पदक जीता।
कोच व कजिन शुभकरण ही लेकर आए खेलों में
गुरदीप बताते हैं कि उन्हें वेटलिफ्टिंग में उनके कजिन व कोच शुभकरणजीत सिंह ही लेकर आए, जिनके तहत उन्होंने ट्रेनिंग लेनी शुरू की। जबकि शुभकरणजीत खुद भी खिलाड़ी हैं और अब मास्टर्स कैटेगरी में खेलते हैं। 23 वर्षीय गुरदीप बताते हैं कि उनके पिता भाग सिंह किसानी करते हैं, जबकि माता जसबीर कौर गृहिणी हैं। गुरदीप ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे कोच शुभकरन सिंह गिल का भी हाथ है।