नेशनल इंटर स्टेट मुकाबले में 4 महिलाओं ने जीते आठ गोल्ड
राजविंदर, शरणजीत, सरिता और चरनजीत ने लहराया परचम
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। धर्मशाला में 17 जुलाई से हुई नेशनल इंटर स्टेट मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन कर 8 गोल्ड पदक हासिल कर शहर का मान बढ़ाया है। इसमें श्हर की वैटरन खिलाड़ी शरणजीत कौर, राजविंदर कौर, सरिता और चरणजीत कौर ने हिस्सा लिया। सरिता ने 35 प्लस कैटेगरी में 2 सोने के पदक पर कब्जा जमाया, जिन्होंने लांग जंप और ट्रिपल जंप कैटेगरी दोनों में सोने का पदक हासिल किया। 35 वर्षिय सरिता ने जानकारी दी कि वह मुकाबले में सफलता हासिल करने के बाद काफी खुश हैं। बताती हैं कि खेलों के प्रति रुचि स्कूल समय से ही थी, तब स्कूल व कालेज में बैडमिंटन खेला करती थी। शरनजीत कौर ने 400 मीटर और 800 मीटर दोनों मुकाबले में 2 सोने के पदक जीते। अब उनका लक्ष्य बस एथलेटिक से जुड़े रहकर अच्छा प्रदर्शन करना है। उनका सपना खेलों में देश का नाम ओर ऊंचा करना है। 40 वर्षीय राजविंदर कौर ने दो पदक हासिल किए हैं। उन्होंने डिस्कस थ्रो और जैवलीन थ्रो में सोने का पदक हासिल किया है। वह अपने इस प्रदर्शन से काफी खुश है। उनके कोच निर्मल सिंह ने उनके खेल को निखारने में मदद की है।
वहीं 60 प्लस कैटेगरी में शहर की चरणजीत कौर ने भी 2 सोने के पदक हासिल किए। जिन्होंने 60 प्लस कैटेगरी में डिस्कस थ्रो और हैमर थ्रो में सोने का पदक जीता। उन्होंने बताया कि उनका सपना आगे भी ऐसे ही खेलते रहना व मेडल जीतना है। वह इससे पहले राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तरीय मुकाबलों में कई मेडल हासिल कर चुकी हैं।