विधायक के खिलाफ आंगनबाड़ी वर्करों का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
मांगों के लिए बीते 36 दिनों से प्रदर्शन कर रहीं ऑल पंजाब आंगनबाड़ी यूनियन के वर्करों और हेल्परों ने सोमवार को भी वित्त मंत्री एवं बठिंडा शहरी विधायक मनप्रीत सिंह बादल का हनुमान चौक पर पुतला फूंका। इससे पहले उन्होंने शहर के विभिन्न बाजारों में रोष मार्च करते हुए सरकार और बादल के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मियों ने धरनास्थल पर पहुंच तहसीलदार सुखबीर बराड़ को एक मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रही यूनियन अध्यक्ष हरगोबिंद कौर ने बताया कि सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। हर बार उनके साथ झूठा वादा कर उनका संघर्ष समाप्त करवाती रही है। वहीं इस बार वह अपना संघर्ष तभी समाप्त करेेंगे जब उनकी मांगों संबंधी सरकार पक्की मोहर लगा देगी। उन्होंने बताया कि रोष मार्च निकालने के बाद जब वह धरनास्थल पर पहुंचे तो तहसीलदार सुखबीर सिंह बराड़ यूनियन की मांगों वाला मांग पत्र लेने पहुंचे। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।