किशोर ने फंदा लगाया, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिमलापुरी सूरज नगर इलाके में रहने वाले एक नाबालिग ने शनिवार सुबह घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसका पिता छत पर काम खत्म कर वापस आया। सूचना मिलते ही थाना शिमलापुरी के अधीन आती चौकी बसंत पार्क की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सूरज नगर निवासी अर्जुन (16) के रूप में हुई है।
थाना शिमलापुरी के एसएचओ आईपीएस अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि अर्जुन मूल रूप से उत्तरप्रदेश के जिला बाराबंकी का रहने वाला था। वह अपने पिता शिव प्रसाद के साथ यहां रहता था। दोनों मजदूरी करते थे। अर्जुन कुछ दिन से परेशान था लेकिन पिता को कुछ नहीं बता रहा था। पिता ने कई बार पूछा लेकिन उसने नहीं बताया। शनिवार सुबह अर्जुन के पिता उसे खाना बनाने के लिए कह गए और खुद छत पर किसी काम से चले गए। कुछ समय बाद जब शिव प्रसाद नीचे आए तो बेटे का शव लटका हुआ था। रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने अर्जुन के पिता शिव प्रसाद के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।