गिल क्लब और गुरु गोबिंद सिंह क्लब सेमिफाइनल में
8वें ओलंपियन प्रिथिपाल सिंह मास्टर हॉकी फेस्टिवल का 7वां दिन
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
माता साहिब कौर चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से जरखड़ अकादमी में जारी 8वें ओलंपियन प्रिथिपाल सिंह मास्टर हॉकी फेस्टिवल के 7वें दिन भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। इस दौरान सीनियर वर्ग में गिल क्लब पटियाला और गुरु गोबिंद सिंह क्लब मोगा ने सेमिफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। जबकि जूनियर वर्ग में फरिजनों हॉकी अकादमी कैलिफोर्निया और किला रायपुर की टीम विजेता रही। इस दौरान हिंदी फिल्मों के उभरते सितारे मुहम्मद नाजियाम और फिल्म डायरेक्टर इमरान शेख से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हॉकी से फिल्म इंडस्ट्री को प्रेरणा मिली है, जिस पर कई फिल्में बन चुकी हैं।
इस दौरान जूनियर वर्ग के मैचों का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजीतपाल सिंह ने किया। उनके साथ अकादमी के चेयरमैन अशोक पराशर, पप्पी शाहपुरिया, प्रमुख प्रबंधक जगरूप सिंह जरखड़ ने सबका स्वागत किया। मौके पर ओलंपियन दीपक ठाकुरक, अचिंत गोयल, हरप्रीत सिंह देवगन, प्रो. रजिंदर सिंह, जगमोहन सिंह सिद्धू, जसदेव सिंह हीरा उपस्थित रहे।
ये रहे परिणाम
हॉकी फेस्टिवल के सातवें दिन गुरु गोबिंद सिंह क्लब मोगा ने अकालगढ़ को 3-0 से मात दी, जिसमें मोहा के गुरमीत सिंह, गुरजंट सिंह जुगराज सिंह ने 3 गोल किए। वहीं दूसरे मुकाबले में गिल क्लब पटियाला ने जगरांव को 3-2 से हराया। पटियाला के इंद्र सलारिया, हरमनजोत, रविंदर सिंह ने गोल किए, तो जगरांव की ओर से कुलविंदर और गुरकरन सिंह ने 1-1 गोल दागा। जूनियर वर्ग में फरिजनों अकादमी ने रामपुर को 4-1 से हराकर जीत दर्ज की। विजेता टीम के गुरप्रीत ने 2, जदकरन और सिमरजीत सिंह ने 1-1 गोल किया। वहीं रामपुर के दिलप्रीत सिंह ने 1 गोल किया। जूनियर वर्ग के दूसरे मुकाबले में किला रायपुर ने बहादरगढ़ को 9-1 से मात दी। अकादमी प्रबंधक परमजीत सिंह नीटू, तेजिंदर सिंह के मुताबिक 2 जून को सीनियर वर्ग के सेमिफाइनल और जूनियर वर्ग के सेमिफाइनल मुकाबले शाम को होंगे।