दो कारें भिड़ीं, महिला और छात्रा की मौत
चार छात्राएं घायल, बठिंडा-अमृतसर हाईवे पर हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
बठिंडा-अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित गांव गोनियाना कलां के मुख्य बस स्टैंड के पास मारुति और वरना गाड़ी की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक छात्रा और महिला की मौत हो गई। चार छात्राएं जख्मी हो गईं। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे गोनियाना मंडी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां) की पांच छात्राएं, एक छात्रा की मां मारुति में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नथाना में टेस्ट देने के लिए जा रहे थे। इस कार को गोरा सिंह ड्राइवर निवासी आकलियां कलां चला रहा था। गांव गोनियाना कलां के पास एक अन्य वरना गाड़ी ने मारुति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छठी कक्षा की छात्रा ममता पुत्री राम अवतार और कौशल्या देवी पत्नी मुखराम निवासी पीरखाना बस्ती गोनियाना मंडी की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद वरना कार चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में गगनदीप कौर पुत्री संजय कुमार, पूजा पुत्री जगसीर, माया देवी पुत्री राकेश कुमार निवासी गोनियाना मंडी जख्मी हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल गोनियाना और गंभीर को बठिंडा में दाखिल करवाया गया है। थाना नेहियां वाला की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों हादसाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।