दलित समाज के लोगों का मजाक उड़ाने वाले मांगें माफी : कोटफत्ता
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
बठिंडा देहाती के पूर्व अकाली विधायक दर्शन सिंह कोटफत्ता ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि उपवास बनाम उपहास कर रहे जिन कांग्रेस नेताओं ने एससी समाज के लोगों का मजाक उड़ाया है, वह तुरंत दलित समाज से माफी मांगें। अगर उन्होंने माफी न मांगी तो अकाली दल व दलित समाज एससी कमीशन के पास कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई के लिए जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक के साथ बठिंडा नगर निगम के मेयर बलवंत राय नाथ भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि जिस दिन कांग्रेसी उपवास का ड्रामा करने के लिए घर से फूल पेट पूजा करने के बाद उपहास करने बैठे थे, उस दिन शहर के कुछ कांग्रेस नेताओं ने एससी समाज से जुड़े लोगों को काले रंग का बताते हुए भेदभाव की टिप्पणी कर पूरे दलित समाज का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि अगर मजाक उड़ाने वाले कांग्रेसी तुरंत खुलेआम दलित समाज के लोगों से माफी नहीं मांगते तो वे समूह अकाली दल के नेताओं एवं दलित समाज के लोगों और एससी कमीशन से मिलकर मजाक उड़ाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करेंगे। इस दौरान पूर्व विधायक के साथ निगम के मेयर बलवंत राय नाथ, पार्षद हरजिंदर शिंदा के अलावा अन्य अकाली नेता मौजूद थे।