बारिश व ओलावृष्टि से टूटे किसानों के अरमान
बरनाला। जिले में बुधवार शाम चार बजे तेज बारिश व ओलावृष्टि के कारण हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई। बारिश व ओलावृष्टि ने जिला के कस्बा भदौड में काफी नुकसान पहुंचाया। सोमवार से बुधवार तक करीब 20 एमएम बारिश हो चुकी है, जिससे गेहूं की फसल को खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
जिले में करीब एक लाख 15 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल बीजी गई है। वहीं जिले में बने 98 खरीद केंद्रों में रविवार से गेहूं आमद शुरू हो गई औप अभी तक भी एजेंसियों ने खरीद शुरू नहीं की है। किसानों को अपनी फसल की सुरक्षा के लिए रात व दिन बैठना पड़ रहा है। किसान दर्शन सिंह ने कहा कि वह अपनी फसल को लेकर तीन दिन पहले अनाज मंडी पहुंच चुके थे, लेकिन फसल की खरीद के कारण उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। किसान गुरजीत सिंह ने कहा कि उनकी फसल मंडी में सूखी आई थी, बारिश के कारण उनकी फसल खराब हो गई है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। जिला फूड सप्लाई विभाग के डीएमओ दर्शन कुमार ने बताया उन्होंने कई बार डीएफएसई से खरीद शुरू करने के लिए कहा। इसके बाद पता नहीं खरीद क्यों नहीं शुरू की गई। डीएफएसई तरविंदर चोपड़ा ने कहा कि नमी 12 से अधिक होने के कारण खरीद नही की गई है।