सांसद बिट्टू और मंत्री आशु भी आयकर अधिकारियों के खिलाफ उतरे मैदान में
व्यापारी संगठन मंगलवार को करेंगे आयकर दफ्तर का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। आयकर विभाग की ओर से बीते दिनों कैलीबर प्लाजा में की गई दबिश के खिलाफ सांसद रवनीत बिट्टू और मंत्री आशु भी मैदान में उतर गए है। दोनों ने रविवार को अपना बयान जारी करते हुए कहा कि अगर व्यापारियों को तंग करना बंद नहीं किया गया तो वह व्यापारी संगठनों के साथ मिलकर आयकर दफ्तर का घेराव करेंगे।
बता दें कि वीरवार को आयकर टीम ने कैलीबर प्लाजा में दबिश दी थी। छापामारी के विरोध में सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर मोर्चा खोल दिया था। आयकर टीम ने पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करवाई। जिसके आधार पर 13 व्यापारियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने का मामला दर्ज हुआ था। शनिवार को विभिन्न व्यापारी संगठनों ने बैठकर यह फैसला लिया कि अगर सोमवार तक पुलिस ने व्यापारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस नहीं लिया तो वह मंगलवार को आयकर दफ्तर का घेराव करेंगे। वहीं उनके दफ्तर की तालाबंदी भी करेंगे।
कोट्स
व्यापारी हर रोज शिकायत कर रहे हैं कि आयकर अफसर उन्हें बिना वजह परेशान कर रहे हैं। इस तरह की छापामारी कर अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे व्यापारी वर्ग बहुत परेशान है। अगर व्यापारियों को परेशान करना बंद नहीं किया गया तो वह व्यापारी संगठनों के साथ मिलकर आयकर दफ्तर का घेराव करेंगे।
रवनीत बिट्टू, सांसद