जीप की टक्कर से ट्रेडर की मौत, डाक्टर गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी गोबिंदगढ़। अमलोह रोड पर शनिवार रात एक जीप ने दो लोगों को टक्कर मार दी। उसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। संजीव बंसल (38) घर से बाइक पर गोदाम के लिए जा रहा था। अमलोह रोड पर तेज रफ्तार से आ रही एक जीप ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इसी सड़क पर उसी जीप ने शहर के डॉक्टर गौतम को भी टक्कर मारकर जख्मी कर दिया जो अपनी स्कूटी पर जा रहे थे। उन्हें डीएमसी लुधियाना दाखिल करवाए जाने की सूचना है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।