पड़ोसियों ने युवक को पीटा तो फंदा लगाकर दी जान
दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सभी आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मुल्लांपुर दाखा (लुधियाना)। पड़ोसियों के पीटने के बाद गांव मुल्लापुर के रहने वाले रमनदीप सिंह ने घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता चलते ही परिजनों ने इसकी शिकायत थाना मुल्लांपुर की पुलिस को दी। पुलिस ने रमनदीप के पिता अनोख सिंह की शिकायत पर जगशीर सिंह उर्फ जग्गा, बूटा सिंह, शिंदरपाल कौर, सरबजीत कौर और दलबारा सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
थाना दाखा के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह ने बताया कि रमनदीप सिंह लेबर का काम करता है और सात अगस्त की शाम पांच बजे गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए गया था। रास्ते में चरणजीत सिंह की चक्की के पास कुछ लड़कों के पास खड़ा हो बातें करने लगा तो अचानक जगसीर सिंह, बूटा सिंह, शिंदरपाल कौर, सरबजीत कौर और दलबारा सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों ने उसे यह कहकर पीटना शुरू कर दिया कि वह उनके घर की बेटियों को छेड़ता है। इसके बाद उनका बेटा मंजीत सिंह, रमनदीप को बचाकर ले गया। उसने अपने बेटे को किसी रिश्तेदार के घर भेजने के लिए बोला। वह कपड़े डाल कर बाहर निकला तो आरोपियों ने फिर से उसे पीटा। आठ अगस्त को उनका बेटा काम पर से लौट रहा था तो आरोपियों ने फिर से उसे पीटा और बेइज्जती की। इसके बाद उसने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एसआई बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।