ट्रेवल एजेंटों के दफ्तरों छापे
कई ट्रेवल एजेंट रहे पुलिस के निशाने पर, कागजात किए चेक
संदिग्ध प्रतिष्ठानों को पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर किया सील
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार हो रहे लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने सरकार के आदेश पर ठग ट्रेवल एजेंटों के साथ सख्ती से निपटना शुरू कर दिया। शुक्रवार को महानगर की पुलिस की टीमें शहर के कई प्रतिष्ठित ट्रेवल एजेंटों के दफ्तरों में पहुंचे। इस दौरान पुलिस के साथ जिला प्रशासन की टीमें भी थी। पुलिस की तरफ से एजेंटों के कागजात चेक किए गए और दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा जिन ट्रैवल एजेंटों के कागजात में कुछ कमी लगी उन संदिग्ध ट्रेवल एजेंटों के दफ्तरों को पुलिस ने सील भी किया। पुलिस ने शुक्रवार को कई ट्रेवल एजेंटों के दफ्तरों में छापामारी की।
एडीसीपी सुरिंदर लांबा और एसडीएम अमरजीत सिंह बैंस की अगुवाई में टीमें महानगर के ट्रेवल एजेंटों के दफ्तरों में चेकिंग के लिए पहुंची। पूरे शहर में कंसल्टेंसी दफ्तरों में कर रही छापामारी में अधिकारियों के साथ पुलिस फोर्स भी मौजूद थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों दफ्तरों में दबिश देकर उनके कागजात चेक किए और कुछ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए।
एडीसीपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर के पास ठग ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ कई शिकायतें आ रही थी। उनके आदेश पर एजेंटों के कागजात चेक किए गए। एसडीएम अमरजीत सिंह बैंस ने बताया कि रेड के दौरान संदिग्ध प्रतिष्ठानों को सील भी किया जा रहा है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खुलासा किया कि पुलिस के पास ट्रेवल एजेंटों की ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके तहत उनकी टीम अलग-अलग ट्रेवल एजेंटों पर कार्रवाई कर रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।