होजरी फैक्टरी में भीषण आग से लाखों का नुकसान
तीन मंजिला फैक्टरी में वीरवार सुबह लगी थी आग
आठ गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
बाजवा नगर स्थित सत्यम निटवेयर होजरी फैक्टरी में वीरवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। गाड़ियों ने करीब तीन घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। रास्ता कम होने की वजह से आग पर काबू पाने में कुछ मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने में कामयाब हो गए। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। आग लगने से अंदर पड़ा कच्चा माल और मशीनरी जल कर राख हो गई।
सत्यम होजरी फैक्टरी में होजरी गुड्स तैयार किया जाता है। वीरवार सुबह फैक्टरी खुली थी तो कारीगर काम करने पहुंचे ही थे कि अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ज्यादा फैल गई और अंदर काम कर रहे कारीगर तुरंत बाहर की ओर भागे। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इस दौरान किसी ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। आग ज्यादा होने से आसपास की फैक्ट्रियों को भी खाली करवा लिया गया। एक के बाद एक आठ गाड़ियां फायर ब्रिगेड की मौके पर पहुंची। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।