पटियाला हिंसा भड़काने में नामजद बरजिंदर सिंह परवाना पर नया आरोप लगा है। कपूरथला पुलिस परवाना को रोपड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। पिछले साल 19 दिसंबर को सुभानपुर रोड पर गांव निजामपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में भीड़ ने एक युवक को मार डाला था। इस मामले में जिला पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार समेत 100 अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था। अब इस मामले में पुलिस ने सुबूतों की जांच के आधार पर परवाना को भी नामजद कर लिया है। जेल से उसे सीधा कपूरथला कचहरी में सीजेएम की अदालत में पेश करके एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है।
एसएसपी कपूरथला राजबचन सिंह संधू व एसपी-डी जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि मंगलवार को कपूरथला की थाना कोतवाली पुलिस की टीम बरजिंदर सिंह परवाना को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए कपूरथला लेकर आई है। कपूरथला लाते ही उसे जिला कचहरी में सीजेएम की अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है। एसएसपी ने बताया कि निजामपुर मॉब लिंचिंग मामले में परवाना को नामजद करके उससे पूछताछ की जाएगी। मामले में कोई और व्यक्ति आरोपी पाया गया तो उसे भी नामजद किया जाएगा। फिलहाल अदालत से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
सुभानपुर रोड स्थित गांव निजामपुर के गुरुद्वारा साहिब में गत वर्ष 19 दिसंबर को गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुए एक मानसिक परेशान युवक की कथित बेअदबी के शक में भीड़ ने हत्या कर दी थी। इस मामले को लेकर जहां कोतवाली पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा अमरजीत सिंह व उसके 100 साथियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर बाबा अमरजीत सिंह समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। उस मामले में अब दमदमी टकसाल जत्था राजपुरा के बरजिंदर सिंह परवाना को नामजद किया गया है।
19 दिसंबर को तड़के एक युवक संदिग्ध हालात में गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हो गया था। जिसे काबू कर गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा अमरजीत सिंह व उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर कहा था कि यह युवक गुरुघर में गुरु साहिब की बेअदबी की नीयत से दाखिल हुआ है, जिसे पकड़ लिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद भारी तादाद में सिख जत्थेबंदियों से संबंधित युवा व आसपास के गांवों के लोग गुरुद्वारा साहिब के बाहर एकत्र हो गए और कमरे में बंद संदिग्ध युवक को उनके हवाले करने की जिद करने लगे। इस दौरान रोष में आए कुछ युवाओं ने काबू किए गए युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में गुरुद्वारा साहिब में मौजूद बरजिंदर सिंह परवाना को भी नामजद किया गया था। कुछ अरसा हुई पहले पटियाला में हिंसा को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार बरजिंदर सिंह परवाना को कपूरथला पुलिस रोपड़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।