डीएवी कॉलेज, जालंधर में बुधवार को चार दिवसीय गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) के ‘सी’ जोन के जोनल यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ भंगड़े से हुआ।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर मुख्यातिथि थे। श्री देवी तालाब मंदिर कमेटी के प्रधान शीतल विज विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। जोनल यूथ फेस्टिवल में 16 कॉलेज की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
कालेज के प्रिंसिपल डा. बीबी शर्मा, स्थानीय प्रबंधकीय कमेटी के अध्यक्ष कुंदन लाल अग्रवाल, ईएमए डिपार्टमेंट के डीन प्रो. शरद मनोचा, जीएनडीयू के यूथ वेलफेयर डिपार्टमेंट की निदेशक डॉ. जगजीत कौर ने मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर और शीतल विज को शॉल और स्मृतिचिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य मेहमानाें ने दीप प्रज्वलित करके किया। सांसद ने सभी विद्यार्थियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग ही भारत की शक्ति है। भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए युवाओं को जागृत रहना चाहिए। कार्यक्रम के आरंभ में डीएवी कॉलेज के ईएमए डिपार्टमेंट के डीन प्रो. शरद मनोचा ने सभी मेहमानों का स्वागत किया और चार दिवसीय जोनल यूथ फेस्टिवल संबंधी जानकारी दी।
कालेज के प्रिंसिपल डॉ. बीबी शर्मा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर निदेशक डॉ. जगजीत कौर ने हासिल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस जोनल यूथ फेस्टिवल में लगभग 16 कॉलेज की टीमें भाग ले रही हैं। चार दिन में 34 प्रस्तुतियां विभिन्न कार्यक्रमाें में पेश की जाएंगी।
‘ग्रुप शबद’ में दस कालेज की टीमों ने हिस्सा लिया
कार्यक्रम का आरंभ पंजाब के लोकनृत्य भंगड़े की प्रस्तुतियाें से किया गया। यूथ फेस्टिवल के पहले दिन मंच पर आयोजित ‘भांगड़े’ में सात कालेज की टीमों ने भाग लिया। इसके बाद ‘ग्रुप शबद’ में दस कालेज की टीमों ने भाग लिया। ‘ग्रुप सांग’ कार्यक्रम में सात कालेज की टीमों ने भाग लिया। इसके बाद हुए ‘फैंसी ड्रेस’ प्रतियोगिता में 15 कालेज की टीमों ने भाग लिया। आखिर में विभिन्न कालेजों की चार टीमों ने नाटकों का मंचन किया।
दूसरे मंच पर ‘वार गायन’ कार्यक्रम हुआ, जिसमें ग्यारह कालेजों की टीमों ने भाग लिया। इसके बाद हुए ‘कविश्री’ प्रोग्राम में आठ कालेजाें की टीमों ने भाग लिया।