कपूरथला में काला संघियां के नजदीकी गांव अली चक्क में बिजली का करंट लगने से 18 वर्षीय युवक सुखप्रीत सिंह की दुखद मृत्यु हो गई। मृतक किसान परमजीत सिंह का बेटा था और उसे गांव में एक होनहार युवक के रूप में जाना जाता था।
जानकारी के अनुसार, सुखप्रीत सिंह बिजली के ट्रांसफार्मर का स्विच लगाने गया था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करंट लगने के बाद उसका पैर पानी वाली आड़ में चला गया। पानी में अर्थिंग होने के कारण करंट का असर और अधिक घातक हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस हृदय विदारक घटना की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया। गांव के सरपंच मोता सिंह पन्नू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने किसानों से बिजली के उपकरणों के साथ काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सरपंच ने यह भी बताया कि उक्त ट्रांसफार्मर के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली लाइन भी गुजरती है, जिससे आशंका है कि इसी लाइन के माध्यम से ट्रांसफार्मर वाले खंभे में करंट आया हो। उन्होंने संबंधित विभाग से इस हादसे के कारणों की गहन जांच की मांग की है।