पंचपीर नगर में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी को जहरीला पदार्थ पिला दिया। उपचार के दौरान फरीदकोट में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पंचपीर नगर गली नंबर-10 निवासी पवनदीप कौर पुत्री अमरीक सिंह की माता भोली कौर ने बताया कि उनकी बेटी पवनदीप कौर ब्यूटी पार्लर चलाती थी। शुक्रवार को जब वह घर पहुंची तो घर में उसके पति ने उससे झगड़ा किया।
भोली कौर ने पवनदीप कौर के पति सुधीर पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह पवनदीप कौर के चरित्र पर शक करता था। झगड़े के बाद उसने पवनदीप को कोई जहरीली वस्तु पिलाकर उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके बाद वह 6 साल के बच्चे को लेकर फरार हो गया।
पड़ोसियों को पता लगने पर उन्होंने पवनदीप कौर को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। फरीदकोट पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी चंद्र शेखर व जांच अधिकारी आत्माराम ने बताया कि मृतका की मां के बयान पर उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।