फगवाड़ा जीटी रोड पर स्थित हवेली हेरिटेज में शनिवार रात चेकिंग करने गए एक्साइज इंस्पेक्टर को जबरी रिश्वत देने, बंधक बनाकर मारपीट करने और धमकाए जाने के आरोपों में हवेली मालिक सतीश जैन और मैनेजर सहित 11 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। सदर पुलिस ने इंस्पेक्टर की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार आबकारी निरीक्षक नवजोत भारती पुत्र करनैल सिंह सहोता रात को मैरिज पैलेसों के शराब परमिट की लाइसेंस फीस और लग्जरी टैक्स इत्यादि के जमा होने की चेकिंग पर थे।
उनके साथ इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह भी थे। इस दौरान वे हवेली हेरिटेज में गए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारी कुलबीर सिंह से कैटरिंग का हिसाब किताब दिखाने को कहा। उसने विभागीय अधिकारियों को कुछ भी बताने से इंकार करते हुए इसकी जानकारी हवेली मालिक सतीश जैन को दी।
सतीश जैन ने आते ही जानकारी देने से इंकार कर दिया और हाथापाई करने लगे। पैलेस का ही एक व्यक्ति उसे जबरदस्ती पैसों से भरा लिफाफा पकड़ाने लगा।
नवजोत भारती ने लिफाफा लेने से इंकार कर दिया। लिफाफा सतीश जैन की ओर फेंक कर वे बाहर आ गए। जब वे बाहर आए तो सतीश जैन तथा उसके एक साथी डीके उमेश ने जबरदस्ती पैसे उसकी गाड़ी के बोनट पर रख कर वीडियो फिल्म बनाने की कोशिश की।
नवजोत भारती तथा उसके साथी जबरदस्ती की रिश्वत से बचने के लिए गेट की ओर भागे। इस बीच हवेली कर्मचारियों ने गेट बंद कर उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि पैलेस के मालिक सतीश जैन ने उन्हें सरकारी ड्यूटी से रोका तथा नाजायज रिश्वतखोरी के आरोप में फंसाने की कोशिश की।
इसकी सूचना मिलने पर रात को मौके पर डीईटीसी सरोजिनी शारदा, सदर पुलिस प्रभारी सरवण सिंह बल्ल मौके पर पहुंचे। विभाग के मोबाइल विंग के प्रभारी इंद्रजीत सिंह भमरां, ईटीओ जसविंदर सिंह तथा एसएस रुबी भी मौके पर पहुंच गए।
इंस्पेक्टर नवजोत भारती ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। थाना सदर पुलिस ने नवजोत भारती की शिकायत के आधार पर हवेली हेरिटेज के मालिक सतीश जैन, मैनेजर सिद्दीकी, डीके उमेश तथा पैलेस के आठ वेटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। मामले की जांच फगवाड़ा के एसपी गुरसेवक सिंह बराड़ कर रहे हैं।