संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। बिजली विभाग के लाइनमैन को विजिलेंस विभाग ने 5 हजार रुपये रिश्वत लेते वीरवार को काबू किया है। उक्त बिजली विभाग का लाइनमैन सुखविंदर सिंह फोकल पॉइंट बटाला जिला गुरदासपुर में तैनात था और उसे रंगे हाथ विजिलेंस ने 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया है।
विजिलेंस विभाग के अधिकारी का कहना है कि उक्त लाइनमैन को बलकार सिंह निवासी फैजपुर तहसील बटाला में दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के पास पहुंचकर आरोप लगाया कि लाइनमैन सुखविंदर सिंह ने उसके नए लगने वाले घरेलू बिजली कनेक्शन के बारे में ठीक रिपोर्ट भेजने की सूरत में 5 हजार रुपये की मांग की है। इसके बाद विजिलेंस विभाग पठानकोट की टीम ने जाल बिछाते हुए उक्त लाइनमैन को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया है। विजिलेंस ब्यूरो के थाना अमृतसर रेंज में आरोपी लाइनमैन सुखविंदर सिंह खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फोटो: 02 पकड़ा गया लाइनमैन विजिलेंस ब्यूरो की हिरासत में।