महिला आयोग के हस्तक्षेप और पुलिस ने सूमोटो लेकर किया आरोपी पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला। ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला भिखारी से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो 9 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है।
इसमें एक व्यक्ति महिला को चप्पलों से पीटता दिखाई दे रहा है। आसपास के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला पर लात से भी हमला किया। महिला के साथ उसके बच्चे भी बैठे थे। आरोपी व्यक्ति मंदिर के सामने ही दुकान करता है। बताया जा रहा है कि बच्चों द्वारा उसकी बाइक से कथित छेड़छाड़ के बाद वह गुस्से में आ गया। हालांकि, महिला ने अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस कार्रवाई
वीडियो के आधार पर महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान विकास शर्मा पुत्र पवन कुमार, निवासी शेखपुर के रूप में हुई है। थाना सिटी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।