डॉक्टर ने उन पर लगाए सभी आरोपों को किया सिरे से खारिज
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। कपूरथला चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार देर रात जम्मू से आए परिवार ने अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिवार ने डॉक्टर पर कड़ाके की ठंड में रुपये न देने पर मरीज को अस्पताल से बाहर निकालने का आरोप लगाया।
इस बारे में जानकारी देते हुए जम्मू से आए केवल किशन शर्मा ने कहा कि वह नवंबर महीने में रिश्तेदार को इलाज के लिए जालंधर के कपूरथला चौक में स्थित अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने दो बार ऑपरेशन किए लेकिन वह ठीक नहीं हुए। अब डॉक्टर ने उनको तीसरा ऑपरेशन करने को बोला। तीसरे ऑपरेशन के लिए वह मंगलवार पहुंचे तो डॉक्टर ने दोबारा पैसे की मांग की। जब उन्होंने कहा कि वह पहले ही इतने पैसे उन्हें दे चुके हैं और पैसे उनके पास नहीं हैं। इतना सुनते ही डॉक्टर ने उन्हें बाहर निकाल दिया।
वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए डॉक्टर ने कहा कि केवल कृष्ण शर्मा द्वारा लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। जब केवल कृष्ण शर्मा मरीज लेकर अस्पताल पहुंचा तो उसे ऑपरेशन करने के लिए कहा गया था। इसके बाद उनके द्वारा ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया गया और पैसे भी देने से इन्कार कर दिया गया व साथ ही उन्हें धमकी भी दी गई। जब डॉक्टर को धमकियां दी गईं तो उन्हें अपना मरीज वहां से ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने अपने मरीज को खुद ही अस्पताल के बाहर लिटा दिया। हालांकि मामले को बढ़ता देखकर थाना-2 की पुलिस मौके पर पहुंची व मामले को शांत करवाते हुए जांच करवाने का आश्वासन दिया।