डीएसपी सब-डिवीजन मेजर डा. शीतल सिंह ने बताया कि उन्हें गांव बूटां में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों पक्षों से करीब आठ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।
कपूरथला के थाना सुभानपुर के अंतर्गत गांव बूटां में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद सिविल अस्पताल में भी जमकर हंगामा हो गया। गांव में हुई मारपीट में घायल कुछ युवकों को सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया था।
विज्ञापन
इसी दौरान दोनों पक्षों के कुछ युवक अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी वार्ड में दोबारा भिड़ गए। इस दौरान करीब 8 से 10 लोग घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, गांव बूटां में देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर जोरदार झगड़ा हुआ था। मारपीट में घायल युवकों को सिविल अस्पताल लाया गया।
ड्यूटी डॉक्टर डॉ. साहिल गर्ग ने बताया कि वह घायलों का उपचार शुरू करने वाले थे। इसी दौरान कुछ युवक इमरजेंसी वार्ड में दाखिल हो गए और घायलों पर दोबारा तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
विज्ञापन
अचानक हुए इस हमले से अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ को स्थिति संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। बताया गया कि कुछ घायल युवक पूरा उपचार करवाए बिना ही अस्पताल से चले गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी सब-डिवीजन मेजर डा. शीतल सिंह ने बताया कि उन्हें गांव बूटां में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद अस्पताल में स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर तीन थानों के एसएचओ समेत पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया।
डीएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों से करीब आठ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।