यहां से गुजरती राजस्थान फीडर के तलवंडी रोड पुल पर रविवार देर शाम धार्मिक रीति रिवाज निभाने पहुंची प्रवासी मजदूर परिवार की दो महिलाएं पांव फिसलने से नहर में डूब गईं।
दोनों ही महिलाएं शादीशुदा हैं और एक के गिरने के बाद दूसरी उसे बचाने के चक्कर में डूब गई।
जोत राम कालोनी की रहने वाली बबीता (32) व शांती देवी (30) रविवार शाम राजस्थान फीडर पर पूजा करने आई थीं। बबीता को बचाने के लिए शांति ने अपना हाथ आगे बढ़ाया लेकिन वह भी संतुलन बिगड़ जाने के कारण नहर में जा गिरी और पानी के तेज बहाव में बह गईं। थाना कोतवाली पुलिस ने मौके पर गोताखोरों को भी बुलाया गया लेकिन बारिश के कारण नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से दोनों महिलाओं का कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार को दूसरे दिन भी पुलिस का सर्च अभियान जारी रहा।
बबीता के भाई संजय ने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं और यहां पर मजदूरी करने के लिए आए हैं। उसकी बहन नहर में पूजा करने आई थी और यह हादसा हो गया।