संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। गांव दीना साहिब निवासी सेवानिवृत्त दो फाैजियों से पंजाब पुलिस में सिपाही भर्ती करवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी का आरोपी उनके ही गांव के व्यक्ति पर लगा है, जो पंजाब पुलिस में सिपाही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दीना साहिब निवासी गुरलाल सिंह और सचनंद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कि वे दोनों करीब तीन साल पहले फौज से सेवानिवृत्त हुए थे। वे नौकरी की तलाश में थे। इसी दौरान उनके गांव के कुलविंदर सिंह ने भरोसा दिलाया कि वह उन्हें पंजाब पुलिस में 2024 की भर्ती में सिपाही की नौकरी दिलवा सकता है। इसके बदले में उसने पांच-पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपी पंजाब पुलिस में सिपाही है। दोनों ने उस पर भरोसा कर अक्टूबर 2024 में उसके घर जाकर बात तय की और एडवांस के तौर पर उसके बैंक खाते में ढाई-ढाई लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाकी राशि नौकरी मिलने के बाद देने की बात तय हुई थी। रुपये लेने के बाद कुलविंदर सिंह नौ महीने तक उन्हें टालता रहा। इसके बाद धमकियां देने लगा। इसके बाद उन्होंने मोगा के एसएसपी को शिकायत दी। एसपी ने जांच डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) को सौंपी। करीब सवा महीने की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। इसके बाद कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
वहीं, थाना निहाल सिंह वाला के सब इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि सिपाही कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।