जालंधर में अराजक तत्वों ने तोड़ी कारें
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
जालंधर के मास्टर तारा सिंह नगर में देर रात अराजक तत्वों ने ईंटें मारकर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना देर रात तीन बजे की है। दो युवक एक्टिवा पर सवार होकर आए और कॉलोनी की अलग-अलग गलियों में घर के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर फरार हो गए।
हैरानी की बात ये है कि जिस जगह पर अराजक तत्वों ने घटना को अंजाम दिया। उसके कुछ ही दूरी पर पुलिस तैनात रहती है। लेकिन इसके बावजूद बेखौफ आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित प्रवीण जैन ने कहा कि रात तीन बजे एक्टिवा सवार दो व्यक्ति कालोनी में आए और उन्होंने कई गाड़ियों के शीशे तोड़े। इस दौरान उन्होंने उनकी स्लाविया गाड़ी और उनके भाई की गाड़ी के शीशे भी तोड़े। दूसरी ओर कमलदीप अग्रवाल ने बताया कि कालोनी में ओर भी कई लोगो की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए हैं। घटना संबंधी कालोनी निवासियों ने पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।