संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। ममदोट में दो विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। थाना ममदोट पुलिस ने मंगलवार आरोपी दो चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पीड़ित लवप्रीत सिंह वासी गांव मल्ला रहीमेके उजाड़ ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पिता कश्मीर सिंह बाइक पर गांव छांगा खुर्द से अपने गांव की तरफ आ रहा था कि रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी। उसके पिता बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार आरोपी चालक तरसेम सिंह चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक तरसेम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह, पुलिस के मुताबिक त्रिलोक सिंह वासी गांव जोधपुर अपनी साइकिल पर अपने खेतों की तरफ जा रहा था। ममदोट स्थित एमिनेंस स्कूल के सामने पहुंचा कि एक तेज रफ्तार टेरेस गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही त्रिलोक सिंह की मौत हो गई। थाना ममदोट पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।