संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चार किलो हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के तार कई जिलों में नशा तस्करी से जुड़े हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी अमृतसर-तरनतारन बाॅर्डर बेल्ट से नशा लेकर आते थे।
मुक्तसर में एसएसपी दफ्तर में प्रेसवार्ता के दौरान डीआईजी फरीदकोट नीलांबरी जगदले विजय ने बताया कि सीआईए-2 मलोट पुलिस टीम बठिंडा रोड पुल और गांव जंडवाला को जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी करके संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक आई ट्वेंटी कार को रोका गया जिसमें दो युवक सवार थे। चालक ने अपनी पहचान मनप्रीत शर्मा उर्फ प्रीत निवासी हरगोबिंद नगर मलोट के रूप में दी। दूसरे युवक की पहचान सुखवीर सिंह निवासी दविंद्रा वाली गली मलोट के रूप में हुई। आरोपियों की कार से चार किलो हेरोइन बरामद हुई। सुखवीर सिंह आरोपी लखबीर सिंह लक्खा का छोटा भाई है, जो पिछले दिनों बठिंडा में 40 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। लखबीर के जेल जाने के बाद सुखवीर ने यह धंधा जारी रखा हुआ था। मुक्तसर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मलोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
डीआईजी ने बताया कि सुखवीर सिंह पर पहले भी सात केस दर्ज हैं। मनप्रीत शर्मा के खिलाफ थाना सिटी मलोट में एनडीपीएस एक्ट का एक केस पहले से दर्ज है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी अमृतसर तरनतारन बार्डर से नशा लेकर आते हैं। आरोपी लखवीर लक्खा की बठिंडा में स्थित एक प्राॅपर्टी पुलिस अटैच कर चुकी है। अब पता चला है कि मलोट में भी इनकी एक प्रापर्टी है, जिसकी कुर्की के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।