संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस ने पिस्तौल की बल पर लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोगा के समालसर निवासी गुरप्यार सिंह उर्फ खंडू और जैतो के मुक्तसर रोड निवासी सुलतान के रूप में हुई। आरोपी इन दिनों जैतो के गांव चैना में रह रहे थे। आरोपियों पुलिस ने दो पिस्टल व एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है।
17 सितंबर को जैतो के मुक्तसर रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने एक करियाना दुकानदार से पिस्तौल के बल पर चार हजार रुपये लूट लिए थे। इस घटना के बाद एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशों पर एसपी (डी) संदीप वढेरा, डीएसपी (डी) अरुण मुंडन और डीएसपी जैतो मनोज कुमार शर्मा की निगरानी में थाना जैतो व सीआईए स्टाफ जैतो की टीमें गठित की गई। पुलिस की टीमों ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के साथी की पहचान हो चुकी है जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी संदीप वढेरा ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि गुरप्यार सिंह उर्फ खंडू ने 10 सितंबर को भी जैतो के चैना बाजार में भी दो दुकानों में लूटपाट का प्रयास किया था।