विजिलेंस ब्यूरो मुक्तसर के डीएसपी गुरिंद्रजीत सिंह संधू की अगुवाई वाली टीम ने किसान से नहरी पानी के नक्के के नाम पर विभाग के पटवारी सुखमंदिर कुमार व जिलेदार पुरुषोत्तम दास को 13 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना विजिलेंस में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें बुधवार को फरीदकोट की अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो मुक्तसर के पास गांव सरायेनागा निवासी किसान गुरबिंदर सिंह ने शिकायत दी थी कि उसने सिंचाई के लिए नहर से नक्के लगाने के लिए नहरी विभाग के पास आवेदन दिया था। इस कार्य के लिए नहरी पटवारी सुखमंदर कुमार व जिलेदार पुरुषोत्तम दास द्वारा 30 हजार की डिमांड की जा रही थी। बाद में सौदा 26 हजार रुपये में तय हुआ और पहली किश्त के रूप में मंगलवार को 13 हजार रुपये सौंपे जाने थे। जैसे ही कोटकपूरा में उक्त दोनों मुलाजिमों ने किसान से 13 हजार की रिश्वत वसूली विजिलेंस के डीएसपी गुरिन्द्रजीत सिंह संधू की अगुवाई वाली टीम ने उन्हें रंगे हाथों काबू कर लिया। डीएसपी के अनुसार पुलिस दोनों आरोपियों के दफ्तर व घर तलाश रही है। उनकी जायदाद की भी जांच की जाएगी।
--------