तीन लाख की नकदी भी बरामद, अदालत ने दो दिन के रिमांड पर भेजा
नेटवर्क चलाने वाले लुधियाना के दो ज्वेलर भाई भी वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस ने शहर के एक नामी व्यक्ति से रंगदारी मांगने के मांगने के मामले में कार्रवाई करते हुए कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। इस मामले में भी पुलिस को फरार हुए आरोपी लुधियाना के ज्वेलर समेत नेटवर्क चलाने में सहयोगी उसके भाई की भी तलाश है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रविवार स्थानीय ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि लुधियाना निवासी हरदीप कुमार रिंकू, प्रताप राय चौहान तथा हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर निवासी सुरेश कुमार उर्फ भीनी की तरफ से शहर के लोगों को डरा धमकाकर रंगदारी वसूली जा रही है और किसी नामी व्यक्ति से वसूली के लिए शहर में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार हरदीप कुमार व सुरेश कुमार को 3 लाख की नकदी समेत काबू कर लिया जबकि तीसरा प्रताप राय चौहान फरार हो गया।
जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क में प्रताप राय चौहान जोकि लुधियाना का ज्वेलर है, का भाई मुन्ना चौहान भी शामिल है जिसके बाद जब फरीदकोट पुलिस की टीम लुधियाना में उक्त भाइयों के ठिकाने पर पहुंची तो वहां पर आरोपियों की शह पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया गया और ड्यूटी में विघ्न डाला। डीएसपी जसमीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और यह जानकारी जुटाई जा रही है कि वह रंगदारी वसूल कर पैसे को कहां पर पहुंचा रहे थे। इसके अलावा केस में वांछित लुधियाना के दोनों भाइयों की भी बड़ी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
फोटो 26एफआरडीपी02 फरीदकोट में रंगदारी वसूलने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस पार्टी।