संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा
बठिंडा में सीआईए 2 पुलिस टीम ने टैक्सी चालक संदीप सिंह उर्फ दीपू और मनप्रीत सिंह उर्फ माणा को डेढ़ किलो चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी अमृतसर से बठिंडा चिटटे की खेप लेकर आ रहे थे। जांच में इस पूरे मामले के तार पाकिस्तान से जुड़ने की संभावना सामने आई है। एसपी हीना गुप्ता ने बताया कि अमृतसर के जीदा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान कार चैक की गई। कार से चिट्टा बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना नेहियां वाला में नशा तस्करी का मामला दर्ज किया गया।
सूत्रों के अनुसार मनप्रीत माणा पहले दूध की डेयरी का काम करता था। चिट्टा पीने की आदत के कारण उसने खर्च पूरा न होने पर अपने साथियों के साथ मिलकर तस्करी शुरू कर दी। माणा हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। एसपी ने बताया कि आरोपी मनप्रीत के खिलाफ पहले भी लगभग पांच मामले दर्ज हैं, जबकि दीपू के खिलाफ पहले कोई मामला नहीं था। दोनों से गहन पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेप कहां से आई और किसके लिए लाई जा रही थी। पुलिस इस मामले में पाकिस्तान तक संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।