मोगा। सीआईए स्टाफ पुलिस टीम ने गांव रामूवाला कलां में शराब ठेके के कारिंदे की हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी (डी) जगतप्रीत सिंह ने बताया कि जगरूप सिंह और कुलविंदर सिंह निवासी गांव रामूवाला नवां पर ठेकेदार के कारिंदे सुनील कुमार (22) की हत्या का आरोप है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 21 दिसंबर की दोपहर गांव रामूवाला कलां में शराब के ठेके पर दो लोग शराब खरीदने गए। इस दौरान ठेके पर मौजूद कारिंदे सुनील कुमार को उन्होंने पांच सौ का नोट देकर 180 रुपये की शराब खरीदी। पैसे खुले न होने पर सुनील कुमार ने कहा कि कुछ देर बाद आकर बाकी पैसे ले जाएं। आधे घंटे बाद जब शराब पीकर नशे में दोनों लोग ठेके पर पैसे लेने पहुंचे तो सुनील कुमार के पास वापस करने के लिए 320 रुपये नही थे। इसी बात पर बहस हो गई। आरोपियों ने वहां रखा छोटा गैस सिलिंडर उठाकर सुनील कुमार के सिर पर मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। एसपी डी के मुताबिक जांच के दौरान पता चला है कि दोनों आरोपी मजदूरी करते हैं। 21 दिसंबर की दोपहर शराब लेने के बाद वह ठेके से कुछ दूरी पर सरकारी डिस्पेंसरी के पास गए और वहां पर शराब पी। शराब के नशे में चूर होकर दोनों आरोपियों ने सुनील कुमार को मौत के घाट उतार दिया। वहीं यह भी पता चला कि घटना के समय सुनील कुमार ने भी शराब पी रखी थी।
फोटो-23मोग12